फ़्रांस के सैनिक मामलों क मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 66 नाविकों का टेस्ट किया गया तो उनमें से 50 संक्रमित पाए गए। एक दिन पहले फ़्रांस ने कहा था कि इस बात की आशंका है कि विमानवाहक पोत पर मौजूद नौसैनिक कोरोना से संक्रमित हो गए हैं।
बयान में बताया गया कि तीन नाविकों को हवाई रास्ते से दक्षिणी फ़्रांस के तूलून शहर में स्थित सैनिक अस्पताल पहुंचाया गया है।
एटलांटिक महासागर में सफ़र कर रहे फ़्रांस के विमानवाहक पोत पर कोरोना वायरस कैसे पहुंचा इस बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। यह पोत पिछले दो सप्ताह से किसी बाहरी संपर्क में नहीं रहा।
इससे पहले अमरीका के थ्योडर रोज़वेल्ट विमानवाहक पोत पर भी कोरोना वायरस फैल गया था जिसके बाद उस पर सवार नाविको को गुआम द्वीप पर उतार लिया गया था। अमरीकी पोत में पहले 100 नाविक संक्रमित बताए गए थे लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 416 हो गई है। एक नाविक अचानक बेहोश हो गया तो उसे आईसीयू में रखा गया है।